धनबाद पुलिस लाइन में सरहुल का उत्सव, जवान और अधिकारी साथ झूमे
धनबाद: पुलिस लाइन स्थित पुलिस केंद्र में शनिवार को आदिवासी समाज का प्रमुख प्रकृति पर्व सरहुल पूरे उल्लास और पारंपरिक गरिमा के साथ मनाया गया. वर्दी के अनुशासन के बीच संस्कृति और परंपरा की खूबसूरत झलक देखने को मिली, जहां पुलिस अधिकारी और जवान एक साथ इस उत्सव में शामिल हुए.
धनबाद एसएसपी ने की जिले की शांति और खुशहाली की कामना
कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई. इस मौके पर धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने पूजा में भाग लेकर जिले की शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की. उनके साथ एसपी ट्रैफिक, डीएसपी साइबर सहित कई वरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे.
पूजा के बाद पूरा परिसर उत्सव के रंग में रंग गया. ढोल-नगाड़ों की थाप और पारंपरिक गीतों की धुन पर अधिकारी और जवान खुद को रोक नहीं पाए और जमकर झूमते नजर आए. सरहुल के इस आयोजन में आदिवासी संस्कृति की जीवंत झलक ने माहौल को और भी खास बना दिया.
सभी ने एक-दूसरे को दीं सरहुल की शुभकामनाएं
इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम पुलिस बल के भीतर आपसी सौहार्द, भाईचारा और टीम भावना को मजबूत करते हैं. सरहुल जैसे पर्व हमें प्रकृति के प्रति सम्मान और संतुलन बनाए रखने का संदेश भी देते हैं.
कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को सरहुल की शुभकामनाएं दीं और मिलकर इस पारंपरिक पर्व की खुशियां साझा कीं. यह आयोजन न सिर्फ एक त्योहार का उत्सव था, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का भी प्रतीक बनकर सामने आया.

