रांची में सरहुल और ईद को लेकर ट्रैफिक अलर्ट, कई रास्तों पर रहेगा डायवर्जन
रांची में 21 मार्च को सरहुल पर्व की शोभायात्रा और ईद-उल-फितर की नमाज को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है. शहर में भीड़ और जाम की स्थिति से बचने के लिए प्रशासन ने कई प्रमुख मार्गों पर आवाजाही को सीमित या पूरी तरह बंद करने का फैसला लिया है. ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह के अनुसार, सुबह 6 बजे से रात 12:30 बजे तक शहर में भारी और मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी. वहीं, सरहुल शोभायात्रा के कारण दोपहर 12 बजे के बाद मेन रोड पर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा.
ईद के दौरान विशेष व्यवस्था
ईद की नमाज के दौरान हरमू रोड, मेन रोड समेत कई प्रमुख मार्गों पर सुबह से ही वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी. हरमू बाईपास रोड पर सुबह 6 बजे से नमाज समाप्ति तक किशोरगंज चौक से रातू रोड चौराहा के बीच दोनों ओर से यातायात बंद रहेगा. छोटे वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से रांची लेक रोड होते हुए अपर बाजार की ओर भेजा जाएगा. इस दौरान किसी भी प्रकार के व्यावसायिक वाहन उस मार्ग से नहीं गुजर सकेंगे.
कई प्रमुख सड़कों पर रहेगा डायवर्जन
शहर के विभिन्न हिस्सों में ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है. मेन रोड के रतन पीपी से गुप्ता भंडार के बीच आवागमन बंद रहेगा. अलबर्ट एक्का चौक से डोरंडा जाने वाले वाहन सर्जना चौक से होकर कांटाटोली और बहूबाजार के रास्ते जाएंगे. डोरंडा से आने वाले वाहन सुजाता चौक से क्लब रोड होते हुए मुंडा चौक की ओर जा सकेंगे, जबकि सुजाता चौक से डोरंडा जाने वालों को बिग बाजार और कडरू पुल होकर जाना होगा.
इन इलाकों में पूरी तरह प्रतिबंध
प्लाजा चौक से लालपुर चौक, शहीद चौक से गांधी चौक (पुस्तक पथ), हिल व्यू से बरियातू मस्जिद तक कई मार्गों पर आवाजाही बंद रहेगी. इसके अलावा, सर्कुलर रोड, कमिश्नर चौक, रेडियम चौक, शहीद चौक, कचहरी चौक, अलबर्ट एक्का चौक समेत कई प्रमुख इलाकों में सामान्य वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा.
पार्किंग और वैकल्पिक व्यवस्था
सैनिक मार्केट, काली मंदिर चौक टैक्सी स्टैंड, फिरायालाल और हरमू ईदगाह के लिए पार्किंग की व्यवस्था गोशाला के पास की गई है. भारी वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा और उन्हें रिंग रोड के जरिए अपने गंतव्य तक जाना होगा.
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे तय किए गए रूट डायवर्जन का पालन करें और अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें. सरहुल शोभायात्रा के दौरान अन्य मार्गों पर ट्रैफिक व्यवस्था मौके के अनुसार नियंत्रित की जाएगी.

