मां की आंखों के सामने खत्म हो गई जिंदगी, MGM में चौथी मंजिल से कूदकर मरीज ने दी जान
जमशेदपुर के मानगो स्थित महात्मा गांधी मेमोरियल (MGM) मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक 28 वर्षीय मरीज ने चौथी मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी. घटना सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है, जिसके बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई.
इलाज के दौरान हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार युवक को 15 मार्च को तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था. हालत में कुछ सुधार होने के बाद 16 मार्च को उसे मेडिकल वार्ड (चौथी मंजिल) में शिफ्ट किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा था. शुक्रवार सुबह वह अचानक अपने बेड से उठा और शौचालय जाने की बात कहकर बाहर निकला. इसी दौरान उसने बरामदे की खिड़की से नीचे छलांग लगा दी.
मां की आंखों के सामने टूटा सब कुछ
घटना के वक्त उसकी मां भी वार्ड में मौजूद थीं. तेज आवाज सुनकर जब वह बाहर पहुंचीं, तो बेटे को खून से लथपथ हालत में नीचे पड़ा पाया. शोर मचाने पर अस्पताल के सुरक्षाकर्मी और नर्स मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उसे इमरजेंसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
बीमारी और तनाव से जूझ रहा था युवक
परिजनों ने बताया कि युवक पहले से गंभीर बीमारियों से जूझ रहा था. सदर अस्पताल में जांच के दौरान उसमें HIV और टीबी की पुष्टि हुई थी, जिसके बाद उसे MGM अस्पताल रेफर किया गया था. बताया जा रहा है कि वह पिछले कई वर्षों से बीमार था और इसी वजह से मानसिक तनाव में रहता था.
डॉक्टरों के अनुसार वह सांस लेने में भी परेशानी महसूस कर रहा था और परिजनों ने यह भी बताया कि उसे नशे की लत थी.
पहले भी कर चुका था कोशिश
वार्ड में भर्ती अन्य मरीजों ने बताया कि उसने इससे पहले भी खिड़की से कूदने की कोशिश की थी, लेकिन समय रहते लोगों ने उसे पकड़ लिया था. इसके बाद वह कुछ देर अपने बेड पर रहा, फिर दोबारा बाहर निकलकर इस घटना को अंजाम दे दिया.
अस्पताल में दूसरी घटना, उठे सवाल
गौरतलब है कि MGM अस्पताल के नए भवन में पिछले छह महीनों के भीतर इस तरह की यह दूसरी घटना है. इससे पहले अगस्त 2025 में भी एक मरीज ने चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली थी.
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रबंधन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली. पुलिस को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

