हजारीबाग में दर्दनाक हादसा, अवैध बालू ढो रहे ट्रैक्टर ने ली बच्चे की जान

Spread the love

हजारीबाग: जिले के बरकट्ठा प्रखंड के गैड़ा गांव में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 8 साल के बच्चे की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि अवैध बालू लादकर जा रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बच्चे को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही जान चली गई. मृतक की पहचान गैड़ा शांतिनगर निवासी लक्ष्मण साव के 8 वर्षीय पुत्र अंकुश कुमार के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार अंकुश शाम के समय अपने घर के बाहर खड़ा था. इसी दौरान तेज गति से आ रहा एक ट्रैक्टर उसे कुचलते हुए निकल गया. हादसा इतना गंभीर था कि बच्चे ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.

ट्रैक्टर पकड़कर पुलिस को सौंपा

घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया. इसके बाद ट्रैक्टर को बरकट्ठा पुलिस के हवाले कर दिया गया. बच्चे की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया. ग्रामीणों ने मांग किया, कि मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी मिले और इलाके में अवैध बालू के कारोबार पर सख्ती से रोक लगाई जाए. साथ ही उन्होंने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर बुलाने की भी मांग की.

अवैध बालू कारोबार को लेकर पुलिस पर आरोप

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों का आक्रोश कम नहीं हुआ. स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए. मुखिया प्रतिनिधि श्यामा साव, अनंत पांडेय और त्रिसुरारी पांडेय सहित कई ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पुलिस की मिलीभगत से अवैध बालू का कारोबार लगातार जारी है.

पहले भी हो चुके हैं कई हादसे

ग्रामीणों का कहना है कि बराकर नदी घाट से रोजाना सैकड़ों ट्रैक्टर अवैध बालू लादकर बरकट्ठा और बरही की ओर जाते हैं. इनमें से कई ट्रैक्टर नाबालिग चालक तेज रफ्तार में चलाते हैं, जिसके कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं.

स्थानीय लोगों के मुताबिक ऐसे हादसों में पहले भी आधा दर्जन से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top