दतवन तोड़ने पेड़ पर चढ़ा था किशोर, हाई वोल्टेज तार ने ले ली 14 वर्षीय बच्चे की जान

Spread the love

रांची जिले के बुढ़मू थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां करंट लगने से 14 वर्षीय किशोर की जान चली गई. हादसा नाऊज गांव में ठाकुरगांव-बुढ़मू मुख्य मार्ग पर बिदूं बसाईर के पास हुआ. मृतक की पहचान सिकंदर लोहरा के पुत्र सोनू लोहरा के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है.

दतवन तोड़ने गया था, हाई वोल्टेज तार की चपेट में आया

जानकारी के अनुसार, सोनू रोज की तरह दतवन तोड़ने के लिए करंज के पेड़ पर चढ़ा था. पेड़ के बिल्कुल पास से 11 हजार वोल्ट का बिजली तार गुजर रहा था. इसी दौरान वह तार की चपेट में आ गया. तेज करंट लगते ही वह पेड़ पर ही अचेत हो गया. स्थानीय लोगों के मुताबिक, झटका इतना जोरदार था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई.

हादसे के दौरान बिजली का तार टूटकर नीचे गिर गया, जिससे पेड़ के नीचे आग लग गई. ग्रामीणों ने तत्काल सूझबूझ दिखाते हुए बिजली विभाग को सूचना दी और आपूर्ति बंद करवाई, जिससे बड़ा हादसा टल सका.

मौके पर पहुंची पुलिस और बिजली विभाग की टीम

घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया. मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.

ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य सड़क के किनारे इस तरह खुले और झूलते हाई वोल्टेज तार लंबे समय से खतरा बने हुए हैं. कई बार शिकायत के बावजूद सुधार नहीं किया गया.

मां की चीख-पुकार से गूंज उठा गांव

हादसे की खबर मिलते ही सोनू की मां घटनास्थल पर पहुंचीं. पेड़ पर बेटे का निर्जीव शरीर देखकर वह बदहवास हो गईं और जमीन पर गिर पड़ीं. ग्रामीणों ने उन्हें संभाला. परिवार के अन्य सदस्यों और गांव वालों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में हर तरफ सन्नाटा पसरा हुआ है.

प्रशासन ने सहायता का भरोसा दिलाया

घटना की जानकारी मिलते ही अंचल अधिकारी सच्चिदानंद वर्मा भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधानों के तहत हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया.

इस हादसे ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. ग्रामीणों ने मांग की है कि खुले और जर्जर बिजली तारों को तत्काल दुरुस्त किया जाए, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को ऐसी त्रासदी न झेलनी पड़े.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top