सरायकेला में नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. रविवार को काशी साहू महाविद्यालय स्थित डिस्पैच सेंटर से प्रतिनियुक्त मतदान कर्मियों को उनके-उनके बूथों के लिए रवाना किया गया. पूरे परिसर में सुबह से ही चहल-पहल रही और मतदान सामग्रियों की अंतिम जांच के बाद दलों को निर्धारित क्लस्टरों की ओर भेजा गया.
उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने किया निरीक्षण
डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत ने संयुक्त रूप से किया. अधिकारियों ने मतदान सामग्री की उपलब्धता, सीलबंदी, अभिलेख संधारण, सुरक्षा व्यवस्था और परिवहन प्रबंधन का बारीकी से जायजा लिया. संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए.
तीनों शहरी निकायों के लिए अलग-अलग दल रवाना
सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र के लिए रिजर्व सहित 16 मतदान दल, कपाली नगर परिषद क्षेत्र के लिए 39 और आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के लिए 170 मतदान दलों को रवाना किया गया. सभी दलों को संबंधित क्लस्टरों में भेजा गया है, जहां से वे निर्धारित मतदान केंद्रों तक पहुंचेंगे.
नगर पंचायत सरायकेला में 13, कपाली नगर परिषद में 31 और आदित्यपुर नगर निगम में 136 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. जिन केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या 1000 से अधिक है, वहां अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती की गई है ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारु और समयबद्ध तरीके से पूरी हो सके. जरूरत पड़ने पर तुरंत प्रतिस्थापन के लिए रिजर्व कर्मियों को भी प्रखंड स्तर पर रखा गया है.
पर्दानशीन बूथों पर महिला कर्मियों की तैनाती
महिला मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सरायकेला नगर पंचायत के 3, कपाली नगर परिषद के 31 और आदित्यपुर नगर निगम के 5 मतदान केंद्रों को पर्दानशीन बूथ के रूप में चिन्हित किया गया है. प्रत्येक ऐसे बूथ पर कम से कम एक महिला कर्मी की प्रतिनियुक्ति की गई है.
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त और एसपी ने मतदान कर्मियों से संवाद कर उन्हें स्वतंत्र, निष्पक्ष और निर्भीक माहौल में शांतिपूर्ण मतदान कराने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए और विधि-व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता बरती जाए.
23 फरवरी को मतदान, 27 को मतगणना
मतदान 23 फरवरी 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा. मतदान समाप्ति के बाद मतपेटियों को विधिवत सीलबंद कर सुरक्षित वज्रगृह में रखा जाएगा. मतगणना 27 फरवरी 2026 को काशी साहू महाविद्यालय में ही कराई जाएगी.
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, निदेशक डीआरडीए अजय तिर्की, अपर उपायुक्त जैवर्धन कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी समेत विभिन्न कोषांगों के वरीय अधिकारी मौजूद रहे.
जिला निर्वाचन पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने और निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की. प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है.
