सारंडा जंगल में IED विस्फोट, कोबरा बटालियन के दो जवान घायल, एयरलिफ्ट कर लाया गया रांची

2 Min Read
Spread the love

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के घने सारंडा जंगल में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया. छोटा नागरा थाना क्षेत्र में तलाशी अभियान चला रहे सुरक्षाबलों की टीम अचानक आईईडी विस्फोट की चपेट में आ गई, जिसमें कोबरा बटालियन के दो जवान घायल हो गए.

सर्च ऑपरेशन के दौरान हुआ धमाका

सुरक्षा एजेंसियों को इनपुट मिला था कि सारंडा के जंगलों में नक्सली गतिविधियां फिर से सक्रिय हुई हैं. इसी सूचना के आधार पर जिला पुलिस और कोबरा बटालियन ने संयुक्त अभियान शुरू किया. अभियान के दौरान जंगल में पहले से दबाकर रखे गए प्रेशर आईईडी पर एक जवान का पैर पड़ गया, जिससे तेज धमाका हुआ. विस्फोट की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

एसपी ने की पुष्टि

पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेणु ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि नक्सल विरोधी ऑपरेशन जारी है. इसी दौरान पहले से प्लांट किए गए आईईडी में विस्फोट हुआ, जिसमें दो जवान घायल हुए हैं. फिलहाल दोनों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है.

घायल जवानों को एयरलिफ्ट

घटना के तुरंत बाद सुरक्षाबलों ने घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और नजदीकी कैंप में प्राथमिक उपचार दिया. बेहतर इलाज के लिए दोनों जवानों को हेलीकॉप्टर से रांची लाया गया है.

इलाके में बढ़ी सतर्कता

हादसे के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र में सर्च अभियान और तेज कर दिया है. अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है और जंगल के अंदर संभावित आईईडी की तलाश की जा रही है, ताकि किसी बड़ी साजिश को समय रहते विफल किया जा सके.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *