बड़ी खबर: ‘डिप्टी कलेक्टर’ बोर्ड लगी गाड़ी ने शिव बारातियों को मारी टक्कर, हिरासत में लिए गए निलंबित सीओ

Spread the love

Ranchi: महाशिवरात्रि के मौके पर निकली शिव बारात उस वक्त अफरा-तफरी में बदल गई, जब एक ‘डिप्टी कलेक्टर’ बोर्ड लगी तेज रफ्तार और अनियंत्रित थार ने कई वाहनों को टक्कर मार दी. घटना लातेहार जिले के मनिका थाना क्षेत्र के पचफेड़ी के पास रविवार देर शाम हुई. इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. जानकारी के मुताबिक, थार (जेएच-01EY-0049) मेदिनीनगर से रांची की ओर जा रही थी. वाहन गढ़वा जिले के मझिआंव अंचल के निलंबित अंचल अधिकारी प्रमोद कुमार चला रहे थे. पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया है. बताया जा रहा है कि वह नशे की हालत में थे. गाड़ी में उनके साथ एक महिला भी मौजूद थी.

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शिव बारात की झांकी देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु सड़क किनारे मौजूद थे. इसी दौरान थार ने पहले एक बाइक और फिर एक चारपहिया वाहन को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी अचानक थी कि मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ, लेकिन कुछ देर के लिए वहां हड़कंप मच गया.

थार पर लगा था ‘डिप्टी कलेक्टर’ का बोर्ड

हादसे के बाद जब लोगों की नजर गाड़ी पर पड़ी तो वे और भड़क गए. थार पर ‘डिप्टी कलेक्टर’ का बोर्ड लगा था और अंदर ‘प्रशासन’ लिखा बोर्ड भी रखा हुआ था. यह देख स्थानीय लोगों में गुस्सा फूट पड़ा और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई. स्थिति बिगड़ती देख मनिका थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए प्रमोद कुमार को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला और वाहन समेत हिरासत में ले लिया.

पहले भी विवादों में रह चुके हैं प्रमोद कुमार

गढ़वा जिले के मझिआंव अंचल में पदस्थापित प्रशासनिक अधिकारी प्रमोद कुमार पर पहले भी गंभीर आरोप लग चुके हैं. राज्य सरकार ने 4 नवंबर, 2025 को उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित किया था. उन पर पैसा लेनदेन, कार्यालय में शराब सेवन, कार्यालय आने वाले लोगों से दुर्व्यवहार समेत कई आरोप लगे थे.

इतना ही नहीं, प्रमोद कुमार की पत्नी श्यामा रानी द्वारा उन्हें सरकारी आवास में एक महिला के साथ रंगे हाथ पकड़ने का मामला भी काफी चर्चा में रहा था. एक बार फिर उनका नाम सुर्खियों में है, और इस बार वजह बनी है महाशिवरात्रि की शिव बारात में हुई यह घटना.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top