साहिबगंज में NEET की तैयारी कर रहे युवक ने दी जान, गांव में पसरा मातम

Spread the love

Sahibganj News: झारखंड के साहिबगंज जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है. राधानगर थाना क्षेत्र के पूर्वी उधवा पंचायत स्थित जंगलपाड़ा गांव में 25 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिला, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. मृतक की पहचान गांव निवासी चिनमय सिंह के रूप में हुई है. वह साइंस से ग्रेजुएशन करने के बाद नीट की तैयारी कर रहा था.

व्यायामशाला में लगाई फांसी

परिजनों के अनुसार, चिनमय शनिवार दोपहर घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा. जब परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की तो ग्रामीणों से सूचना मिली कि गंगा नदी किनारे आम बगीचे के पास स्थित व्यायामशाला में वह फंदे से लटका हुआ है. खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे नीचे उतारकर घर लाए.

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

घटना की जानकारी मिलते ही राधानगर थाना के एएसआई सुनील मेहता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया. राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है. अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है.

बताया जा रहा है कि चिनमय पढ़ाई में मेधावी था. उसने बीएससी की पढ़ाई पूरी करने के बाद डी-फार्मा डिप्लोमा भी किया था और फिलहाल मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट की तैयारी में जुटा था. वह अपने परिवार का इकलौता बेटा था. उसके इस कदम से परिजन ही नहीं, बल्कि पूरे गांव के लोग स्तब्ध हैं.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top