JHARKHANDLATEST NEWSRANCHI

रांचीवासियों के लिए जरूरी खबर: महाशिवरात्रि के दिन बदली रहेगी राजधानी में ट्रैफिक रूट, इन रास्तों पर जानें से करें परहेज

Spread the love

Ranchi: महाशिवरात्रि के मौके पर 15 फरवरी को राजधानी में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी. सुबह 5 बजे से रात 10 बजे तक शहर में बड़े वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी. शिवालयों में उमड़ने वाली भारी भीड़ और निकलने वाली शिव बारात को देखते हुए प्रशासन ने यह फैसला लिया है. श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई अहम बदलाव किए गए हैं.

शिव बारात का रूट और मार्ग प्रतिबंध

शिव बारात इन्द्रपुरी शिव मंदिर, रातू रोड से निकलेगी. यह मेट्रो गली होते हुए रातू रोड, राणी सती मंदिर, पहाड़ी मंदिर, जेजे रोड और शहीद चौक तक जाएगी. वहां से जुलूस वापस आरआर स्पोर्टिंग दुर्गा पूजा समिति परिसर पहुंचेगा, जहां बारात का स्वागत किया जाएगा. पहाड़ी मंदिर और आसपास के इलाकों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.

ये रहेंगे प्रमुख ट्रैफिक बदलाव

शिव बारात के पूरे मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा.

शनि मंदिर से पहाड़ी मंदिर, दुर्गा मंदिर से पहाड़ी मंदिर और मीनाक्षी गली से पहाड़ी मंदिर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है.

सुखदेवनगर जाने वाली गली और बालाजी मंदिर के पास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा.

पिस्का मोड़ से नगर क्षेत्र की ओर भारी वाहन, मालवाहक और सिटी राइड बसों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा. जुलूस के दौरान पिस्का मोड़ के बाद सभी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा.

मेट्रो गली से न्यू मार्केट और हरमू रोड की ओर जाने वाले वाहन जुलूस के यू-टर्न के बाद ही रातू रोड और न्यू मार्केट चौक से गुजर सकेंगे.

प्रशासन ने जनता से की अपील

प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे तय किए गए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें. महाशिवरात्रि के दिन सुबह से ही शिवालयों में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है. ऐसे में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए यह विशेष व्यवस्था लागू की गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *