वैलेंटाइन डे से पहले पटना में पोस्टर वार-‘जहां दिखेंगे बाबू-सोना, वहां टूटेगा कोना-कोना’
Inlive247 Desk: वैलेंटाइन डे आने में अभी दो दिन बाकी हैं, लेकिन पटना की सड़कों पर माहौल पहले ही गरमा गया है. शहर के अलग-अलग इलाकों में प्रेमी जोड़ों को चेतावनी देते पोस्टर लगाए गए हैं. इन पोस्टरों पर साफ लिखा है- “जहां मिलेंगे बाबू-सोना, तोड़ देंगे कोना-कोना.” यानी 14 फरवरी को अगर कोई कपल पार्क, रेस्तरां या किसी सार्वजनिक जगह पर प्यार का इजहार करता दिखा, तो उसके साथ मारपीट की जा सकती है.
पार्क में दिखे ‘बाबू-सोना’ तो खैर नहीं
वैलेंटाइन डे से पहले पटना में हिंदू शिवभवानी सेना की ओर से ये पोस्टर लगाए गए हैं. पोस्टरों में इस दिन को भारतीय संस्कृति के खिलाफ बताया गया है और प्रेमी जोड़ों को सख्त हिदायत दी गई है. खास बात यह है कि सिर्फ पटना ही नहीं, मध्य प्रदेश के कई शहरों में भी इसी तरह के पोस्टर लगाकर विरोध दर्ज कराया जा रहा है.
शहर के कई इलाकों में लगे पोस्टर
पटना के प्रमुख चौराहों और सड़कों पर लगे इन पोस्टरों ने लोगों का ध्यान खींच लिया है. पोस्टर में साफ तौर पर लिखा है- “जहां मिलेंगे बाबू-सोना, तोड़ देंगे कोना-कोना.” संगठन ने वैलेंटाइन डे को ‘लव जिहाद’ और अश्लीलता फैलाने वाला त्योहार बताते हुए इसे भारतीय संस्कृति का दुश्मन करार दिया है.
नियम तोड़ा तो लाठी-डंडे तैयार
हिंदू शिवभवानी सेना ने वैलेंटाइन वीक को भारतीय संस्कृति के खिलाफ बताते हुए बड़ा ऐलान किया है. संगठन का कहना है कि चॉकलेट डे से लेकर वैलेंटाइन डे तक होने वाले आयोजन अश्लीलता और ‘लव जिहाद’ को बढ़ावा देते हैं. उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर कोई भी जोड़ा सार्वजनिक जगह पर आपत्तिजनक स्थिति में या धर्म परिवर्तन जैसी गतिविधियों में शामिल दिखा, तो उनके कार्यकर्ता लाठी-डंडों से सबक सिखाएंगे. संगठन का दावा है कि उनकी टीमें तैनात कर दी गई हैं, जो दिनभर शहर में नजर रखेंगी.
पोस्टर में शहीदों को याद करने की अपील
इन पोस्टरों के जरिए लोगों से यह भी अपील की गई है कि वैलेंटाइन डे मनाने के बजाय पुलवामा हमले में शहीद हुए जवानों को याद करें. संगठन का कहना है कि इसी दिन हमारे सैनिकों ने आतंकी हमले में अपनी जान गंवाई थी, इसलिए 14 फरवरी को जश्न की बजाय श्रद्धांजलि दी जानी चाहिए.
आरजेडी का पलटवार
इन पोस्टरों को लेकर सियासत भी गरमा गई है. आरजेडी ने इसकी कड़ी निंदा करते हुए इसे बीजेपी की साजिश बताया है. पार्टी के प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि भाजपा और उससे जुड़े संगठन सिर्फ नफरत की राजनीति करते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं के बीच डर फैलाकर समाज को बांटने की कोशिश की जा रही है. आरजेडी का कहना है कि ऐसे संगठन सिर्फ तोड़-फोड़ की राजनीति जानते हैं, समाज को जोड़ने की नहीं.

