झारखंड के बच्चों के लिए बड़ी राहत: अब आधार अपडेट पूरी तरह मुफ्त, जानें किसे मिलेगा फायदा और कैसे करें अपडेट

4 Min Read
Spread the love

Inlive247 Desk: झारखंड के लाखों स्कूली बच्चों और उनके अभिभावकों के लिए राहत भरी खबर है. सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को अब आधार अपडेट के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा. सरकार ने पाया कि फीस की वजह से कई बच्चों का आधार समय पर अपडेट नहीं हो पा रहा था. इसी को देखते हुए यह अहम फैसला लिया गया है. नए नियम के तहत 7 से 15 वर्ष की उम्र के बच्चों से आधार अपडेट के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा. यह छूट 30 सितंबर 2026 तक लागू रहेगी. यानी इस अवधि के भीतर अगर इस आयु वर्ग के बच्चे अपना आधार अपडेट कराते हैं, तो उन्हें निर्धारित शुल्क नहीं देना होगा.

आधार अपडेट अब निःशुल्क

जानकारी के मुताबिक 5 से 7 वर्ष और 15 से 17 वर्ष के बच्चों के आधार अपडेट पर पहले से ही शुल्क नहीं लगता है. झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन ने इस संबंध में सभी जिलों को विशेष निर्देश जारी कर दिए हैं. उन्होंने स्पष्ट कहा है कि 7 से 15 वर्ष तक के बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट बेहद जरूरी है और इसे मिशन मोड में पूरा किया जाना चाहिए. उन्होंने दोहराया कि 30 सितंबर 2026 तक इस आयु वर्ग के बच्चों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा. जिलों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि कहीं भी किसी प्रकार की फीस न वसूली जाए.

आधार ऑपरेटरों को सख्त निर्देश

इस फैसले की जानकारी सभी स्कूलों, शिक्षकों, कर्मचारियों और आधार ऑपरेटरों तक पहुंचाई जा रही है. सरकार की ओर से इसे लेकर तेजी से काम किया जा रहा है. बच्चों और अभिभावकों को भी जागरूक करने के प्रयास जारी हैं. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर संबंधित अधिकारियों को इस काम को प्राथमिकता के साथ पूरा करने को कहा गया है.

कैसे कराएं आधार अपडेट?

जब किसी बच्चे का आधार पहली बार बनता है, तो उसमें सिर्फ जनसांख्यिकीय जानकारी और माता-पिता के बायोमेट्रिक्स दर्ज होते हैं. 5 साल की उम्र में बच्चे के फिंगरप्रिंट और आइरिस स्कैन पहली बार लिए जाते हैं. 15 साल की उम्र में दोबारा बायोमेट्रिक अपडेट अनिवार्य होता है, क्योंकि तब तक शारीरिक विकास स्थिर हो जाता है.

UIDAI के अनुसार, तय समयावधि में कराया गया बायोमेट्रिक अपडेट निःशुल्क होता है. अभिभावक किसी भी आधार सेवा केंद्र या नामांकन केंद्र पर जाकर यह काम करा सकते हैं. पहले आधार पोर्टल पर स्लॉट बुक कर लें और तय समय पर सेंटर पहुंचें.

बायोमेट्रिक्स कैसे अपडेट होगा?

अभिभावक बच्चे को उसका मूल आधार कार्ड लेकर नजदीकी आधार केंद्र पर जाएं. वहां बच्चे के फिंगरप्रिंट, आइरिस स्कैन और नई फोटो ली जाएगी. इसके बाद अपडेटेड आधार जारी किया जाएगा.

UIDAI की वेबसाइट या ऐप पर मौजूद QR कोड के जरिए नजदीकी केंद्र की जानकारी ली जा सकती है. समय पर बायोमेट्रिक अपडेट कराने से भविष्य में किसी भी सरकारी योजना, सेवा या पहचान सत्यापन में परेशानी नहीं होगी. निर्धारित आयु वर्ग के लिए यह सुविधा मुफ्त है, इसलिए अभिभावकों से समय रहते प्रक्रिया पूरी करने की अपील की गई है.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *