JHARKHANDLATEST NEWSRANCHI

बड़ी खबर: रांची के चुटिया में SUV ने 6 लोगों को रौंदा, एक की मौत, TT समेत 5 लोग घायल

Spread the love

Ranchi: रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित साउथ रेलवे कॉलोनी में बुधवार रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया. एक तेज रफ्तार और बेकाबू एसयूवी ने सड़क किनारे पैदल जा रहे लोगों को कुचल दिया. इस हादसे में हिनू निवासी धमेंद्र कुमार (40) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना रात करीब 10 बजे दुर्गा मंदिर के पास हुई टक्कर मारने के बाद चालक वाहन समेत रांची स्टेशन की ओर फरार हो गया.

घायलों में रेलवे की टीटी अन्नपूर्णा नायडू (50), उनके बेटे कुणाल नायडू (26), कृष्णापुरी चुटिया निवासी संदीप महतो (40), अमित सिंह (35) और प्रशांत गौरव शामिल हैं. अन्नपूर्णा और कुणाल का इलाज राज अस्पताल में चल रहा है, जबकि प्रशांत गौरव को गुरुनानक अस्पताल में भर्ती कराया गया है. दो अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है. मृतक धमेंद्र कुमार मोबाइल टावर लगाने वाली कंपनी में काम करते थे. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है. हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए.

काले रंग की एसयूवी ने मारी टक्कर

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, साउथ रेलवे कॉलोनी में मुनचुन सिंह के गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होने के बाद कुछ लोग पैदल रेलवे स्टेशन की ओर लौट रहे थे, तभी डोरंडा की ओर से तेज रफ्तार काले रंग की एसयूवी आई और सड़क किनारे चल रहे लोगों को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लोग उछलकर दूर जा गिरे. धमेंद्र कुमार के सिर और सीने में गंभीर चोटें आई थीं. कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तुरंत सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने धमेंद्र को मृत घोषित कर दिया.

बताया जा रहा है कि यही एसयूवी आगे बढ़ते हुए एक स्कूटी सवार मां-बेटे को भी टक्कर मारकर भाग निकली. अन्नपूर्णा नायडू और उनका बेटा कुणाल डोरंडा बाजार से खरीदारी कर स्कूटी से घर लौट रहे थे. स्कूटी कुणाल चला रहे थे. अन्नपूर्णा ने बताया कि हादसा इतना अचानक हुआ कि उन्हें संभलने का मौका ही नहीं मिला और दोनों सड़क पर गिर पड़े. पुलिस ने आसपास के इलाकों और नेपाल हाउस की ओर जाने वाले रास्तों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. फरार एसयूवी और उसके चालक की तलाश जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *