LATEST NEWSTECHNOLOGY

फोन उठाने की नहीं पड़ेगी जरूरत, अब लैपटॉप से भी कर सकेंगे WhatsApp कॉल

Spread the love

WhatsApp Web New Feature: अगर आप ज्यादातर समय लैपटॉप या कंप्यूटर पर काम करते हैं और WhatsApp के लिए बार-बार फोन उठाना पड़ता है, तो अब आपके लिए बड़ी खुशखबरी है. WhatsApp Web अब सिर्फ मैसेज भेजने तक लिमिटेड नहीं रहेगा. कंपनी ने अब वेब वर्जन में भी डायरेक्ट वॉयस और वीडियो कॉलिंग का फीचर देना शुरू कर दिया है. इसका मतलब है कि अब आपको कॉल करने के लिए अलग से कोई सॉफ्टवेयर डाउनलोड करने की जरूरत नहीं होगी. सीधे ब्राउज़र से ही कॉल की जा सकेगी.

2015 से अब तक का सफर

WhatsApp Web की शुरुआत 2015 में हुई थी, तब से यह मोबाइल ऐप का एक हल्का साथी माना जाता था. टाइपिंग आसान हो जाती थी, लेकिन कॉलिंग जैसे फीचर्स नहीं मिलते थे. हालांकि Windows और Mac यूजर्स को 2021 से कॉलिंग की सुविधा मिल रही थी, लेकिन ब्राउजर यूजर्स इस का फायदा नहीं उठा सकते थे. अब नया अपडेट इस अंतर को खत्म करने की दिशा में बड़ा कदम है.

WhatsApp Web पर आया वॉयस और वीडियो कॉल फीचर

WABetaInfo की रिपोर्ट के अनुसार, अब WhatsApp Web पर चैट विंडो के ऊपर कॉल और वीडियो कॉल के अलग-अलग बटन दिखाई देने लगे हैं. कॉल शुरू करने का तरीका बिल्कुल डेस्कटॉप ऐप जैसा है. बस एक क्लिक में आप वॉयस या वीडियो कॉल कर सकते हैं. फिलहाल यह सुविधा केवल एक-से-एक (one-to-one) चैट के लिए उपलब्ध है. ग्रुप कॉलिंग अभी शुरू नहीं हुई है, लेकिन आगे चलकर जोड़े जाने की उम्मीद है. कंपनी अभी इस फीचर को स्थिर और बेहतर बनाने पर काम कर रही है.

प्राइवेसी में कोई समझौता नहीं

सबसे अहम बात यह है कि वेब कॉलिंग में भी एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन मिलेगा. यानी आपकी कॉल्स वही सुरक्षा स्तर रखेंगी, जो मोबाइल और डेस्कटॉप ऐप में मिलता है. WhatsApp वही Signal प्रोटोकॉल इस्तेमाल करेगा, जिससे बातचीत सुरक्षित रहती है. यानी ब्राउजर से कॉल करने पर भी आपकी प्राइवेसी सुरक्षित रहेगी.

स्क्रीन शेयरिंग की सुविधा भी

इस अपडेट के साथ वीडियो कॉल के दौरान स्क्रीन शेयरिंग का फीचर भी जोड़ा गया है. यह फीचर खासकर ऑफिस मीटिंग, प्रेजेंटेशन या किसी को रिमोट मदद देने में काम आ सकता है.

Linux यूजर्स के लिए खास फायदा

व्हाट्सऐप का नया फीचर सीधे ब्राउजर में काम करता है, इसलिए Linux जैसे ऑपरेटिंग सिस्टम पर भी कॉलिंग अब पॉसिबल होगी. इससे यूजर्स को थर्ड-पार्टी ऐप्स पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा.

कब मिलेगा सभी को यह फीचर

फिलहाल यह फीचर धीरे-धीरे रोलआउट किया जा रहा है और अभी मुख्य रूप से WhatsApp Web बीटा यूजर्स को मिल रहा है. आने वाले हफ्तों में इसे सभी स्टेबल यूजर्स के लिए जारी किया जा सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *