दिनदहाड़े शूटआउट से मचा हड़कंप, जमशेदपुर में अपराधियों ने फल कारोबारी को मारी गोली, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
Crime News: जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह सनसनीखेज वारदात सामने आई. थाना से महज करीब 200 मीटर की दूरी पर स्थित टीनप्लेट स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स परिसर में अपराधियों ने एक फल कारोबारी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. हमले में नामदा बस्ती निवासी कन्हैया यादव को सिर, हाथ और पैर में चार गोलियां लगीं. गंभीर हालत में उन्हें तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है. घटना सुबह करीब 11 बजे की है. गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में दहशत फैल गई.
बाइक स्टार्ट करते वक्त मारी गई पहली गोली
जानकारी के मुताबिक, कन्हैया यादव रोज की तरह अपने मित्र रंजीत शर्मा के साथ सुबह योग और वॉकिंग के लिए स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स पहुंचे थे. व्यायाम के बाद दोनों मैदान में कुछ देर बैठे रहे. करीब 11 बजे जब कन्हैया घर लौटने के लिए अपनी स्पलेंडर बाइक (जेएच 05 बी-1966) स्टार्ट करने लगे, तभी पहले से घात लगाए तीन बाइक सवार हमलावर वहां पहुंच गए. आरोप है कि बदमाशों ने बेहद करीब से उनके सिर में गोली मारी. इसके बाद हाथ और पैर में भी गोलियां दागीं. गोली लगते ही कन्हैया जमीन पर गिर पड़े और हमलावर मौके से फरार हो गए.
घटनास्थल से खोखे और जिंदा कारतूस बरामद
सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. घटनास्थल से तीन खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है. वहीं, घायल की बाइक और एक जूता भी मौके से मिला है. पुलिस आसपास के इलाके में साक्ष्य जुटा रही है.
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के क्वार्टरों में रहने वाले लोग बाहर निकल आए. स्थानीय लोगों ने बिना देर किए घायल को अस्पताल पहुंचाया. फिलहाल डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है.
आपसी रंजिश की आशंका, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
प्रारंभिक जांच में पुलिस आपसी रंजिश की संभावना जता रही है. हालांकि, घटना के पीछे की असली वजह अभी साफ नहीं हो पाई है. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज जुटाए हैं और हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं. थाना से कुछ ही दूरी पर दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस अपराधियों की तलाश में छापेमारी कर रही है.

