Bokaro News: मेडिकेंट हॉस्पिटल के पास गोदाम में भड़की भीषण आग, इलाके में अफरातफरी, घंटों जाम रहा नेशनल हाईवे

2 Min Read
Spread the love

Bokaro: बोकारो जिले के सेक्टर 12 थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब मेडिकेंट हॉस्पिटल के पास स्थित एक बिचाली गोदाम में अचानक आग लग गई. आग की लपटें उठते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और कुछ देर के लिए स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई.

आग लगने के कारणों का नहीं चल पाया पता

हालात की गंभीरता को देखते हुए मेडिकेंट हॉस्पिटल की फायर सेफ्टी टीम तुरंत हरकत में आई. टीम ने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी. साथ ही झारखंड फायर सर्विस को भी घटना की सूचना दी गई. सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है.

मेडिकेंट हॉस्पिटल के कर्मचारी अभिषेक कुमार ने बताया कि अस्पताल के बगल में बिचाली का एक बड़ा गोदाम है, जहां अचानक आग लग गई. उन्होंने बताया कि गोदाम में डीजल भी रखा हुआ था, जिससे खतरा और बढ़ गया था. जैसे ही हमने आग देखी, हम लोग तुरंत अपनी फायर सेफ्टी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. साथ ही झारखंड अग्निशमन विभाग को भी सूचना दी गई.

कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू

वहीं, अग्निशमन विभाग के कर्मचारी प्रवीण तपन ने बताया कि सूचना मिलते ही उनकी टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया. हालांकि, अभी तक नुकसान का आकलन नहीं किया जा सका है.

इस घटना के कारण नेशनल हाईवे पर कई घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही. सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन आग लगने की वजह की जांच जारी है.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *