Surya Gochar 2026: 13 फरवरी 2026 से बदलेगा किस्मत का खेल! सूर्य के कुंभ में प्रवेश से इन राशियों की चमकेगी तकदीर
Surya Gochar 2026: ज्योतिष गणना के मुताबिक 13 फरवरी 2026 को दोपहर 3 बजकर 49 मिनट पर सूर्य देव कुंभ राशि में प्रवेश करेंगे. सूर्य को आत्मबल, आत्मविश्वास, पद-प्रतिष्ठा और नेतृत्व का कारक माना जाता है. वहीं कुंभ राशि के स्वामी शनि हैं, जिन्हें कर्म, अनुशासन और न्याय का प्रतीक माना जाता है. सूर्य और शनि के स्वभाव में अंतर होने के कारण यह गोचर खास मायने रखता है. इस बदलाव का असर सभी राशियों पर पड़ेगा. कुछ लोगों को करियर में पहचान और तरक्की मिल सकती है, तो कुछ को धैर्य और समझदारी से कदम बढ़ाने की जरूरत होगी. आइए जानते हैं मेष, वृषभ, मिथुन और धनु राशि पर इसका क्या प्रभाव पड़ेगा.
मेष राशि
मेष राशि वालों के लिए सूर्य का यह गोचर बेहद शुभ संकेत दे रहा है. यह समय आपकी इच्छाओं की पूर्ति का हो सकता है. आय के नए स्रोत खुल सकते हैं और लंबे समय से की गई मेहनत अब रंग ला सकती है. प्रभावशाली लोगों से संपर्क मजबूत होंगे, जो आगे चलकर आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं. अगर आप किसी बड़े लक्ष्य की दिशा में लगातार प्रयास कर रहे थे, तो अब राह साफ होती नजर आ सकती है. इस दौरान टीमवर्क आपको ज्यादा सफलता दिला सकता है, इसलिए सहयोगियों के साथ मिलकर काम करें.
वृषभ राशि
वृषभ राशि के जातकों के लिए यह गोचर रचनात्मकता और निजी जीवन में खुशियां लेकर आ सकता है. प्रेम संबंधों में मिठास बढ़ेगी और रिश्तों में आपसी समझ मजबूत होगी. अगर आप कला, फैशन, डिजाइन या एंटरटेनमेंट जैसे क्षेत्रों से जुड़े हैं, तो आपकी प्रतिभा को सराहना मिल सकती है. संतान से जुड़ी कोई अच्छी खबर भी मिल सकती है. निवेश के मामलों में जल्दबाजी न करें, लेकिन सोच-समझकर उठाया गया कदम भविष्य में लाभ दे सकता है.
मिथुन राशि
मिथुन राशि वालों के लिए यह समय भाग्य का साथ देने वाला हो सकता है. करियर में नई दिशा मिल सकती है, खासकर अगर आप पढ़ाई, रिसर्च, मीडिया या शिक्षण से जुड़े हैं. विदेश यात्रा या लंबी दूरी की यात्रा के योग बन सकते हैं. किसी वरिष्ठ या गुरु समान व्यक्ति का मार्गदर्शन आपके लिए फायदेमंद रहेगा. यदि आप किसी परीक्षा या इंटरव्यू की तैयारी कर रहे हैं, तो यह समय आत्मविश्वास बढ़ाने वाला साबित हो सकता है.
धनु राशि
धनु राशि के जातकों के लिए यह समय संवाद और नेटवर्किंग के लिहाज से मजबूत रहेगा. भाई-बहनों या करीबी रिश्तेदारों से सहयोग मिल सकता है. छोटी यात्राएं लाभदायक साबित हो सकती हैं. मार्केटिंग, लेखन, सेल्स या मीडिया से जुड़े लोगों को अच्छे अवसर मिल सकते हैं. आपके विचार और आपकी बात रखने का तरीका लोगों को प्रभावित करेगा, जिससे समाज में आपका सम्मान बढ़ सकता है.

