लॉ कॉलेज में खौफनाक वारदात, छात्र ने सहपाठी छात्रा को गोली मारी, फिर खुद को किया खत्म
Crime News: पंजाब के तरनतारन जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक लॉ कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र ने क्लासरूम के भीतर घुसकर अपनी सहपाठी छात्रा को गोली मार दी. इसके बाद उसने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली. इस वारदात में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई और छात्र-छात्राओं में दहशत फैल गई.
दोनों एक ही कॉलेज में कर रहे थे पढ़ाई
मृत छात्रा की पहचान 20 वर्षीय संदीप कौर के रूप में हुई है, जो नौशहरा पन्नुआ गांव की रहने वाली थी. वहीं आरोपी छात्र प्रिंस राज सिंह तरनतारन के गांव मलियां का निवासी था. दोनों एक ही कॉलेज में कानून की पढ़ाई कर रहे थे और प्रथम वर्ष के छात्र थे.
क्लासरूम में मची चीख-पुकार
जानकारी के मुताबिक, तरनतारन के गांव उसमा स्थित माई भागो लॉ कॉलेज में सोमवार सुबह क्लास शुरू होने से पहले प्रिंस राज अचानक क्लासरूम में पहुंचा. वहां बैठी संदीप कौर के सिर में उसने बेहद नजदीक से गोली मार दी. इसके बाद उसने पिस्टल को दोबारा लोड किया और खुद के सिर में गोली मार ली. दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. यह दृश्य देखकर बाकी छात्र स्तब्ध रह गए और जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागे. इसके बाद कॉलेज प्रबंधन और पुलिस को सूचना दी गई.
सामने आया CCTV फुटेज
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. शुरुआती जांच में पुलिस इसे एकतरफा प्रेम से जुड़ा मामला मान रही है. पुलिस के अनुसार, दोनों की उम्र करीब 19 से 20 साल के बीच थी और वे एक ही क्लास में पढ़ते थे.
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कॉलेज परिसर को सील कर दिया गया. डीएसपी जगबीर सिंह ने बताया कि घटना क्लास शुरू होते ही घटी. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी छात्र के पास हथियार कहां से आया और कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था में चूक कैसे हुई.
मां का आरोप, कॉलेज में सुरक्षा नहीं
मृतका संदीप कौर की मां हरजिंदर कौर ने बताया कि बेटी सुबह घर से बिल्कुल सामान्य तरीके से कॉलेज गई थी. उसका किसी से कोई विवाद नहीं था. कुछ देर बाद कॉलेज से फोन आया कि आपकी बेटी को गंभीर चोट लगी है, जल्दी आइए. जब वह कॉलेज पहुंचीं तो बेटी की मौत हो चुकी थी. उसके सिर में गोली मारी गई थी और शरीर खून से सना हुआ था.
उन्होंने आरोप लगाया कि कॉलेज में किसी तरह की सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी. किसी ने यह तक नहीं जांचा कि छात्र हथियार लेकर अंदर कैसे घुस गया. संदीप कौर के पिता पहले ही गुजर चुके हैं. परिवार में छह बेटियां और एक छोटा बेटा है. मां ने कॉलेज प्रबंधन पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

