रांची के डोरंडा से पांच दिन बाद भी लापता 11 साल की नेहा का सुराग नहीं, पुलिस ने रखा ₹21,000 का इनाम
Ranchi: रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र से लापता हुई 11 साल की बच्ची नेहा कुमारी टोप्पो का पांच दिनों बाद भी कोई पता नहीं चल पाया है. पुलिस ने नेहा के बारे में जानकारी देने वाले के लिए 21 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है. इसके लिए बाकायदा इश्तेहार भी जारी किया गया है. डिबडीह गिरिजाटोली में रहने वाली नेहा अपने मौसा सुनील तिग्गा और मौसी इनिशबा लकड़ा के साथ रहती थी. वह डिबडीह स्थित राजकीय मध्य विद्यालय में कक्षा दो की छात्रा थी. बताया जा रहा है कि चार फरवरी को सुबह करीब 11 बजे नेहा घर के पास खेलने के लिए निकली थी, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटी.
गोड्डा की रहने वाली है नेहा
नेहा मूल रूप से गोड्डा जिले के हनवारा थाना क्षेत्र के जेठरीडीह गांव की रहने वाली है. उसके पिता सीताराम टोप्पो हरियाणा के रोहतासगढ़ में मजदूरी करते हैं, जबकि मां और परिवार के अन्य सदस्य गांव में ही रहते हैं. नेहा के लापता होने के बाद परिजनों ने चार फरवरी की शाम डोरंडा थाना में सनहा दर्ज कराया था.
नेहा की मौसी अटल क्लिनिक में काम करती हैं, जबकि मौसा झारखंड पुलिस में सिपाही हैं. शनिवार को दोनों स्मार्ट सिटी स्थित कमांड सेंटर पहुंचे और घटना वाले दिन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. राजधानी में लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी यहीं से की जाती है, लेकिन वहां से भी कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका.
जेएससीए स्टेडियम के पास दिखने की सूचना
दो दिन पहले मौसा और मौसी को जानकारी मिली थी कि जेएससीए स्टेडियम के पास फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले एक व्यक्ति ने शाम के समय नेहा को देखा था. इस सूचना के बाद दोनों वहां भी पहुंचे, लेकिन वहां से भी कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिल पाई. इधर, डोरंडा पुलिस का कहना है कि रविवार शाम तक नेहा के बारे में कोई नई जानकारी सामने नहीं आई है. नेहा की मौसी ने बताया कि चार फरवरी को स्कूल में छुट्टी थी, इसी वजह से नेहा सुबह 11 बजे खेलने के लिए बाहर निकली थी. परिजनों ने हर संभावित जगह पर खोजबीन की, लेकिन जब बच्ची नहीं मिली तो उसी शाम डोरंडा थाना में सनहा दर्ज कराया गया. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को भी नेहा के बारे में कोई जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें.

