OTT के बाद अब बड़े पर्दे पर भौकाल मचाएगी मिर्जापुर, गुड्डू पंडित और कालीन भैया की जंग होगी और खतरनाक
Mirzapur The Movie Release Date Out: OTT पर तहलका मचाने वाली पॉपुलर वेब सीरीज मिर्जापुर अब अपने आखिरी और सबसे बड़े पड़ाव पर पहुंचने जा रही है. लंबे इंतजार के बाद फैंस के लिए खुशखबरी सामने आ चुकी है. Mirzapur The Movie 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. इस बार कहानी सीधे बड़े पर्दे पर तहलका मचाने के लिए तैयार है.
पोस्टर शेयर कर रिलीज डेट का ऐलान
गुरुवार सुबह Amazon MGM Studios और Excel Entertainment ने फिल्म का पोस्टर शेयर कर रिलीज डेट का ऐलान किया. पोस्टर में कई SUVs को एक घुमावदार सड़क पर तेज रफ्तार में दौड़ते दिखाया गया है, जो आने वाले बड़े टकराव की झलक देता है. पोस्टर के साथ लिखा कैप्शन “अब देखिए भौकाल बड़े पर्दे पर” फैंस के जोश को और बढ़ा रहा है.
सीरीज के बाद आगे बढ़ेगी कहानी
Mirzapur The Movie की कहानी वेब सीरीज के तीसरे सीजन के बाद की घटनाओं पर बेस्ड होगी. फिल्म में पंकज त्रिपाठी एक बार फिर कालीन भैया के दमदार किरदार में नजर आएंगे, जबकि अली फजल गुड्डू पंडित के रूप में वापसी करेंगे. दोनों के बीच की दुश्मनी इस बार और ज्यादा खतरनाक मोड़ लेने वाली है. फिल्म की सबसे बड़ी खासियत दिव्येंदु शर्मा के किरदार मुन्ना त्रिपाठी की वापसी है. उनकी एंट्री कहानी में बड़ा ट्विस्ट लाने वाली मानी जा रही है.
स्टारकास्ट और नए चेहरे
फिल्म में रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, श्वेता त्रिपाठी, श्रीया पिलगांवकर और हर्षिता गौर जैसे कई जाने-पहचाने चेहरे नजर आएंगे. वहीं बाब्लू पंडित का किरदार निभाने वाले विक्रांत मैसी इस फिल्म का हिस्सा नहीं हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी जगह जितेंद्र कुमार की एंट्री हुई है.
पोस्ट-प्रोडक्शन में फिल्म
फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है और फिलहाल पोस्ट-प्रोडक्शन का काम चल रहा है. उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर की पृष्ठभूमि पर बनी यह कहानी सत्ता, बदले और खून-खराबे के इर्द-गिर्द घूमती है. यही वजह है कि मिर्जापुर को देश की सबसे लोकप्रिय OTT फ्रेंचाइजी में गिना जाता है.
फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है. अब दर्शकों की नजर इस बात पर टिकी है कि बड़े पर्दे पर मिर्जापुर का भौकाल कितना जबरदस्त साबित होता है.

