JHARKHANDLATEST NEWS

झारखंड में फिर बढ़ेगी ठंड, अगले 24 घंटों में गिरेगा तापमान, मौसम विभाग का येलो अलर्ट

Spread the love

Jharkhand Weather Update: झारखंड में अगले 24 घंटों के दौरान ठंड में इजाफा होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे रात के समय कनकनी बढ़ेगी और सुबह के वक्त कुहासा छाया रह सकता है. अगले पांच दिनों में रांची का न्यूनतम तापमान करीब पांच डिग्री तक नीचे जा सकता है.

सर्द हवाओं से बढ़ेगा ठंड का असर

मौसम विभाग ने बताया कि बुधवार को राजधानी और राज्य के कुछ हिस्सों में हल्के बादल देखने को मिले. हालांकि शुक्रवार से आसमान साफ रहने का अनुमान है. उत्तर दिशा से चलने वाली सर्द हवाओं के कारण झारखंड में ठंड का असर तेज होगा. राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 13.1 डिग्री और अधिकतम 26.6 डिग्री दर्ज किया गया. बीते 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान 26.3 और न्यूनतम 13.2 डिग्री रहा.

3 से 5 डिग्री तक गिर सकता है तापमान

राजधानी का अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग दो डिग्री अधिक रहा, जबकि राज्यभर में अधिकतम तापमान औसतन चार डिग्री अधिक दर्ज किया गया. आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री तक गिरावट की संभावना है. इससे रात के समय ठंड और तेज महसूस होगी. आठ फरवरी तक ठंड का असर बना रहेगा, इसके बाद मौसम में बदलाव के संकेत हैं.

इन इलाकों के लिए येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने गुरुवार को राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. पलामू, गढ़वा और चतरा जिलों में घने कुहासे की संभावना जताई गई है. कुहासे का असर राज्य के अन्य हिस्सों में भी देखा जा सकता है. राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह हल्का कुहासा छाए रहने की संभावना है.

मौसम विभाग के अनुसार हाल के दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी और उत्तर भारत में हुई बारिश के बाद अब ठंडी हवाएं झारखंड की ओर बढ़ रही हैं. इसका असर आठ फरवरी तक रहने का अनुमान है, जिसके बाद मौसम में फिर बदलाव हो सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *