आखिर इंडिया-यूएस ट्रेड डील होते ही क्या पड़ा इमपैक्ट! इन 4 इंडिकेटर से समझें इस डील का कैसा हुआ असर

4 Min Read
Spread the love

Desk: भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से अटकी ट्रेड डील पर आखिरकार मुहर लग गई है. अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा ऐलान करते हुए डील के तहत भारत पर लगने वाले टैरिफ को घटाकर तत्काल 18 फीसदी करने की घोषणा की है. हाल ही में भारत ने यूरोपीय यूनियन के साथ ‘मदर ऑफ ऑल डील्स’ कहे जा रहे फ्री ट्रेड एग्रीमेंट का ऐलान किया था और अब India-US ट्रेड डील भी फाइनल हो गई है. इससे भारत के लिए उसका सबसे बड़ा बाजार एक बार फिर मजबूती से खुलता नजर आ रहा है. इस डील की खबर आते ही इसके तुरंत फायदे दिखने लगे हैं. शेयर बाजार से लेकर रुपये और कमोडिटी मार्केट तक हर जगह जोरदार उछाल देखने को मिला है.

India-US में बनी बात, तो बाजार हुआ बमबम

India-US ट्रेड डील पर सहमति बनते ही इसका सबसे पहला असर शेयर बाजार पर दिखा. मंगलवार को बाजार खुलते ही जबरदस्त तेजी देखने को मिली. लंबे समय से अमेरिकी टैरिफ और ट्रंप की धमकियों के चलते उतार-चढ़ाव झेल रहा बाजार अचानक रफ्तार पकड़ता नजर आया. बीएसई का सेंसेक्स खुलते ही करीब 24,000 अंकों की छलांग लगाकर ऊपर पहुंच गया, जबकि एनएसई निफ्टी भी 700 अंकों से ज्यादा की तेजी के साथ खुला. रिलायंस से लेकर अडानी पोर्ट्स तक तमाम दिग्गज शेयरों में तूफानी तेजी देखने को मिली. शुरुआती कारोबार में ही निवेशकों ने मिनटों में करीब 20 लाख करोड़ रुपये कमा लिए. बीएसई का मार्केट कैप पिछले बंद 455 लाख करोड़ रुपये से उछलकर 474 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया.

डॉलर के मुकाबले रुपया भी दौड़ा

इस ट्रेड डील का असर भारतीय रुपये पर भी साफ दिखा. मंगलवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 111 पैसे मजबूत होकर 90.40 पर खुला, जबकि सोमवार को यह 91.51 पर बंद हुआ था. डोनाल्ड ट्रंप के ऐलान के बाद रुपये को सपोर्ट मिला और भारतीय मुद्रा के लिए पॉजिटिव माहौल बना. गौरतलब है कि इस तेजी से पहले 2026 में रुपया 0.56 फीसदी और एक साल में करीब 4.55 फीसदी तक कमजोर हो चुका था.

क्रैश कर रहे सोना-चांदी पर भी लगा ब्रेक

शेयर बाजार और रुपये के साथ-साथ कमोडिटी मार्केट में भी इस डील का असर दिखा. MCX पर सोना-चांदी में चल रही गिरावट पर अचानक ब्रेक लग गया. दोनों कीमती धातुओं की कीमतें रॉकेट की रफ्तार से ऊपर जाती नजर आईं. सोमवार शाम की रिकवरी और मंगलवार की शुरुआती तेजी के चलते MCX पर चांदी की कीमत करीब 32,000 रुपये बढ़ गई, वहीं सोना फिर से 1.50 लाख रुपये के करीब पहुंच गया.

FII की बाजार में वापसी की उम्मीद

भारत-अमेरिका के बीच टैरिफ और रिश्तों में तनाव के कारण विदेशी निवेशक (FII) लंबे समय से भारतीय बाजार से दूरी बनाए हुए थे और लगातार बिकवाली कर रहे थे. इससे बाजार में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा था. अब India-US ट्रेड डील की खबर से हालात बदलते नजर आ रहे हैं. इस समझौते से न सिर्फ शेयर बाजार को सपोर्ट मिलेगा, बल्कि FII की वापसी की भी उम्मीद बढ़ गई है. विदेशी निवेशक पॉलिसी रिस्क पर खास ध्यान देते हैं और इस डील से उन्हें पॉलिसी स्थिरता का भरोसा मिलेगा. माना जा रहा है कि इससे भारत में बड़े निवेश का रास्ता फिर से खुल सकता है.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *