कॉमेडी में एक्शन का तड़का, ‘Golmaal 5’ में आमने-सामने होंगे अक्षय कुमार और अजय देवगन
Golmaal 5: अक्षय कुमार की अपकमिंग फिल्मों की लिस्ट पहले से ही काफी लंबी है. ‘वेलकम टू द जंगल’, ‘भूत बंगला’ और ‘हेरा फेरी 3’ जैसी फिल्मों के बाद अब उनके खाते में एक और बड़ी फिल्म जुड़ने की चर्चा तेज हो गई है. खास बात यह है कि इस बार अक्षय कुमार फिल्म में हीरो नहीं, बल्कि विलेन के किरदार में नजर आ सकते हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस फिल्म के हीरो कोई और नहीं बल्कि अजय देवगन हैं. यानी दर्शकों को एक बार फिर बड़े पर्दे पर अक्षय कुमार और अजय देवगन की आमने-सामने की भिड़ंत देखने को मिल सकती है.
गोलमाल 5 में नजर आएंगे अजय और अक्षय
जिस फिल्म की बात हो रही है, वह गोलमाल 5 है. बताया जा रहा है कि इस फिल्म का निर्देशन हमेशा की तरह रोहित शेट्टी करेंगे. रोहित शेट्टी इस बार ‘गोलमाल’ फ्रेंचाइजी को और भी बड़े स्केल पर बनाने की तैयारी में हैं और इसके लिए उन्होंने कहानी और कास्टिंग पर खास ध्यान दिया है.
निगेटिव रोल में नजर आएंगे अक्षय
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अक्षय कुमार ‘गोलमाल 5’ में निगेटिव रोल निभाते नजर आएंगे. अगर ऐसा होता है, तो यह फैंस के लिए काफी दिलचस्प होने वाला है. इससे पहले भी अक्षय और अजय कई फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं, जिनमें ‘सिंघम अगेन’, ‘सुहाग’ और ‘खाकी’ शामिल हैं. हालांकि, इस बार दोनों की सीधी टक्कर कहानी को और ज्यादा रोमांचक बना सकती है. फिलहाल इस कास्टिंग को लेकर मेकर्स की तरफ से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.
कब शुरू होगी ‘गोलमाल 5’ की शूटिंग?
‘गोलमाल 5’ की शूटिंग 15 फरवरी के बाद शुरू होने की योजना है. हालांकि, हाल ही में रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की घटना सामने आई थी, जिसके बाद शूटिंग शेड्यूल को लेकर सवाल जरूर उठे हैं. बताया जा रहा है कि शूटिंग तय समय पर शुरू होगी या नहीं, यह सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस की अनुमति पर निर्भर करेगा. फिलहाल शूटिंग डेट में बदलाव की कोई पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई है.
ये सितारे भी आएंगे नजर
फिल्म में अजय देवगन और अक्षय कुमार के अलावा ‘गोलमाल’ फ्रेंचाइजी की पुरानी और पसंदीदा स्टारकास्ट भी नजर आने वाली है. इसमें अरशद वारसी, तुषार कपूर, कुणाल खेमू, श्रेयस तलपड़े, जॉनी लिवर, संजय मिश्रा, शरमन जोशी और मुकेश तिवारी जैसे कलाकार शामिल हैं. दर्शकों को एक बार फिर फुल ऑन कॉमेडी और एंटरटेनमेंट का डोज मिलने की उम्मीद है.
फिलहाल फिल्म की रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन माना जा रहा है कि ‘गोलमाल 5’ साल 2027 की शुरुआत में सिनेमाघरों में रिलीज हो सकती है. अब सबकी नजरें मेकर्स के ऑफिशियल ऐलान पर टिकी हुई हैं, खासकर अक्षय कुमार की निगेटिव भूमिका को लेकर.

