दुकान से लौटे, खाना खाया और लगा ली फांसी, धनबाद के व्यवसायी फाल्गुनी मुखर्जी ने की आत्महत्या

3 Min Read
धनबाद न्यूज
Spread the love

Dhanbad News: धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में एक दुखद घटना सामने आई है. ट्रिनीटी गार्डेन अपार्टमेंट के ब्लॉक-ए, डी-3 में रहने वाले 57 वर्षीय व्यवसायी फाल्गुनी मुखर्जी ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी. घटना की जानकारी मिलते ही बरवाअड्डा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. सर्किल इंस्पेक्टर सीमा कुमारी के नेतृत्व में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए SNMMCH, धनबाद भेज दिया.

बैग की दुकान चलाते थे फाल्गुनी मुखर्जी

मृतक फाल्गुनी मुखर्जी हीरापुर पार्क मार्केट में विवेकानंद चौक के पास बैग की दुकान चलाते थे. परिजनों के अनुसार, वे रोज की तरह रात में दुकान बंद कर घर लौटे थे. भोजन करने के बाद वे अपने कमरे में सोने चले गए. अगली सुबह करीब 9.30 बजे तक जब दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों ने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद दरवाजा खोलने पर वे पंखे से रस्सी के सहारे झूलते हुए मिले.

कर्ज के दबाव की बात सामने आई

परिजनों ने पुलिस को बताया कि फाल्गुनी मुखर्जी पिछले कुछ समय से कर्ज के दबाव में थे. बताया गया है कि बैंक की ओर से उन्हें नोटिस और फोन कॉल भी मिल रहे थे. वहीं, स्थानीय लोगों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद की स्थिति भी बनी रहती थी. इसे लेकर दोनों ने बरवाअड्डा थाना में पहले भी एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. कुछ दिन पहले भी दंपती थाना पहुंचे थे.

पत्नी हैं शिक्षिका, बेटी बाहर पढ़ाई कर रही

मृतक की पत्नी धनबाद पब्लिक स्कूल की हीरक ब्रांच में शिक्षिका हैं. बताया गया कि घटना के समय पत्नी ने शव को न तो छुआ और न ही उसे देखने गईं. दंपती की एक बेटी है, जो बाहर रहकर पढ़ाई कर रही है. घटना की खबर मिलते ही रिश्तेदार और परिचित घर पहुंचे, लेकिन माहौल पूरी तरह गमगीन और सहमा हुआ था.

पुलिस कर रही है मामले की जांच

पुलिस ने मौके से मृतक का मोबाइल फोन और इस्तेमाल की गई रस्सी जब्त कर ली है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी. फिलहाल मामले की जांच जारी है.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *