रांची के खादगड़ा बस स्टैंड में फिर भड़की आग, दो दिन में दूसरी घटना से मची अफरा-तफरी

2 Min Read
Spread the love

Ranchi: रांची के सबसे व्यस्त बस स्टैंड में आग लगने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. लगातार दूसरे दिन सोमवार को भी बस स्टैंड में खड़ी एक बस में अचानक आग लग गई. आग लगते ही बस से तेज धुआं उठने लगा, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई. हालांकि, स्थानीय लोगों की सतर्कता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसमें एक युवक को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया गया है.

घटना को लेकर बताया जा रहा है कि बस स्टैंड में खड़ी बस से अचानक धुआं उठता दिखा, जिसके कुछ ही पलों बाद आग की लपटें निकलने लगीं. लोगों ने बिना समय गंवाए आग बुझाने की कोशिश की और पुलिस को इसकी जानकारी दी.

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले रविवार को भी इसी बस स्टैंड में आगलगी की बड़ी घटना सामने आई थी. रविवार दोपहर करीब तीन बजे अचानक आग लगने से छह बसें जलकर राख हो गई थीं. कुछ ही मिनटों में सब कुछ खत्म हो गया था और भारी नुकसान हुआ था. लगातार दो दिनों में हुई आग की घटनाओं से बस स्टैंड की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं. फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *