DHANBADJHARKHANDLATEST NEWS

बड़ी खबर: अमन सिंह गैंग ने ली सिंह मेंशन पर बमबाजी की जिम्मेदारी, शहर को शमशान बनाने की धमकी

Spread the love

Desk : धनबाद में अपराधियों के हौसले एक बार फिर खुलेआम नजर आए हैं. सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित सिंह मेंशन पर रविवार देर रात हुई बमबाजी की सनसनीखेज घटना की जिम्मेदारी अमन सिंह गिरोह ने ली है. इस वारदात के बाद पूरे शहर में डर का माहौल है, जबकि पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाते हुए जांच तेज कर दी है.

प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी खुली धमकी

अमन सिंह गिरोह के सदस्य शंकर सिंह ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बमबाजी की जिम्मेदारी ली है. विज्ञप्ति में कहा गया है कि जिस जमीन पर अमन भैया का खून बहा है, उस धरती को बंजर बना दिया जाएगा. शंकर सिंह ने धनबाद को शमशान बनाने की धमकी देते हुए दावा किया है कि भैया का दिया हुआ वचन पूरा होगा और शहर में चुन-चुनकर लोगों को मारा जाएगा.

व्यापारियों को रंगदारी देने की चेतावनी

प्रेस विज्ञप्ति में धनबाद के व्यापारियों को सीधे तौर पर धमकाया गया है. शंकर सिंह ने कहा है कि सभी व्यापारियों को रंगदारी देनी होगी. साथ ही यह भी कहा गया कि तुम्हारे देवता संजीव सिंह का दरवाजा फाड़ दिया गया है. इस बयान के सामने आने के बाद व्यापारिक वर्ग में भारी भय का माहौल बन गया है.

देर रात दो बम धमाके, मच गई अफरा-तफरी

बताया जा रहा है कि रविवार देर रात करीब 11:30 से 12:00 बजे के बीच अपराधियों ने सिंह मेंशन पर दो बम फेंके. एक बम मुख्य गेट के अंदर और दूसरा गेट के बाहर फेंका गया. तेज धमाकों की आवाज से आसपास के लोग सहम गए और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए.

पुलिस अलर्ट, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके. पुलिस ने साफ कहा है कि मामले को बेहद गंभीरता से लिया गया है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *