बेटे की फिल्म रिलीज, फिर भी थिएटर नहीं गए सुनील शेट्टी, वजह कर देगी हैरान
Border 2: जहां हालिया रिलीज बॉर्डर 2 ने सिनेमाघरों में शानदार ओपनिंग दर्ज की है, वहीं फिल्म के लीड एक्टर अहान शेट्टी के पिता सुनील शेट्टी ने अब तक यह फिल्म नहीं देखी है. हैरानी कि बात यह है कि बेटे की इतनी बड़ी रिलीज के बावजूद सुनील शेट्टी का थिएटर से दूरी बनाए रखना किसी नाराजगी की वजह से नहीं, बल्कि एक खास वादे के चलते है.
जब तक कमाई 500 करोड़ नहीं होगी, नहीं देखेंगे फिल्म
सुनील शेट्टी ने खुद बताया है कि उन्होंने अहान की फिल्म को लेकर अपने आप से एक संकल्प लिया है. उनका कहना है कि जब तक ‘बॉर्डर 2’ वर्ल्डवाइड 500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार नहीं कर लेती, तब तक वह फिल्म नहीं देखेंगे. यह उनके बेटे के लिए रखी गई एक मन्नत है.
प्रीमियर के दिन थिएटर के बाहर बैठे रहे सुनील
एक इंटरव्यू के दौरान सुनील शेट्टी ने फिल्म के प्रीमियर का किस्सा साझा किया. उन्होंने बताया कि प्रीमियर के दिन उनकी पत्नी माना शेट्टी, बेटी अथिया शेट्टी और दामाद केएल राहुल थिएटर के अंदर अहान के साथ फिल्म देख रहे थे, जबकि वह खुद बाहर बैठे रहे. सुनील ने कहा, “मैं करीब साढ़े तीन घंटे तक थिएटर के बाहर बैठा रहा. इस दौरान लोगों से मिलता रहा और उनसे फिल्म व अहान के काम की तारीफें सुनता रहा.” उनके इस फैसले को सुनकर कई लोग हैरान हैं, वहीं बहुत से लोग इसे एक पिता का भरोसा और भावनात्मक जुड़ाव बता रहे हैं.
‘यह घमंड नहीं, एक पिता की दुआ है’
सुनील शेट्टी ने साफ किया कि फिल्म न देखने का उनका फैसला किसी तरह का अहंकार नहीं है. उन्होंने कहा, “मैंने पहले ही दिन तय कर लिया था कि ‘बॉर्डर 2’ तब तक नहीं देखूंगा, जब तक यह 500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार नहीं कर लेती. मैंने अहान के लिए यह मन्नत रखी है. अब तक मैंने फिल्म का एक भी सीन नहीं देखा है.” जब उनसे पूछा गया कि अगर फिल्म यह आंकड़ा पार नहीं कर पाती तो क्या होगा, इस पर सुनील ने पूरे आत्मविश्वास के साथ कहा कि उन्हें भरोसा है कि उनकी दुआएं जरूर पूरी होंगी. उन्होंने यह भी बताया कि माना शेट्टी को फिल्म काफी पसंद आई है और अब तक जिसने भी फिल्म देखी है, उसने अहान के काम की जमकर सराहना की है.
किनके साथ देखना चाहते हैं फिल्म
सुनील शेट्टी ने यह भी बताया कि जब वह ‘बॉर्डर 2’ देखेंगे, तो वह इसे अपने परिवार और करीबियों के साथ देखना चाहेंगे. उन्होंने कहा, “मैं यह फिल्म अहान, उसके दोस्तों और पूरे परिवार के साथ देखूंगा. सनी पाजी, वरुण और बाकी सभी को भी साथ ले जाऊंगा. हो सकता है उनके लिए यह दूसरी बार हो, लेकिन मेरे लिए यह पहली होगी.” उन्होंने आगे कहा कि उन्हें हमेशा अहान और उसके फैसलों पर गर्व रहा है. अहान को शुरू से ही पूरा भरोसा था कि ‘बॉर्डर 2’ वही फिल्म है, जो वह करना चाहता था.
अब तक का बॉक्स ऑफिस हाल
‘बॉर्डर 2’ में अहान शेट्टी के अलावा सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ, मोना सिंह, सोनम बाजवा, अन्या सिंह और मेधा राणा अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं. फिल्म का निर्देशन अनुराग सिंह ने किया है, जबकि इसका निर्माण निधि दत्ता और भूषण कुमार ने किया है. फिल्म ने रिलीज के छह दिनों में वर्ल्डवाइड करीब 295.10 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है. यानी सुनील शेट्टी को अब भी करीब 206 करोड़ रुपये के और कलेक्शन का इंतजार है, ताकि वह बेटे की यह फिल्म देख सकें.

