रास्ता बंद, न्याय ठप, धनबाद बार एसोसिएशन के वकीलों ने शुरू की अनिश्चितकालीन हड़ताल

3 Min Read
रास्ता बंद, न्याय ठप, धनबाद बार एसोसिएशन के वकीलों ने शुरू की अनिश्चितकालीन हड़ताल
Spread the love

Dhanbad News: धनबाद सदर अस्पताल परिसर के भीतर स्थित मार्ग को बंद किए जाने के विरोध में धनबाद बार एसोसिएशन गुरुवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चला गया है. वकीलों के पेन डाउन के चलते धनबाद कोर्ट परिसर में न्यायिक कार्य पूरी तरह ठप हो गया है, जिससे कोर्ट आने वाले आम वादकारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

बार एसोसिएशन का कहना है कि सदर अस्पताल परिसर से होकर बार भवन तक जाने वाला यह रास्ता वर्षों से अधिवक्ताओं के आवागमन और वाहन पार्किंग के लिए उपयोग में था. हाल ही में जिला प्रशासन द्वारा उक्त मार्ग पर बाउंड्री वॉल खड़ी कर उसे पूरी तरह बंद कर दिया गया, जिससे न केवल अधिवक्ताओं बल्कि आम नागरिकों को भी असुविधा हो रही है.

आम लोगों की भी बढ़ी परेशानी

रास्ता बंद किए जाने के विरोध में बुधवार को धनबाद बार एसोसिएशन से जुड़े अधिवक्ताओं ने कोर्ट परिसर से रणधीर वर्मा चौक तक जोरदार विरोध मार्च निकाला था. इस दौरान जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं होने से नाराजगी और बढ़ गई है. अधिवक्ताओं का कहना है कि बार भवन इसी मार्ग से जुड़ा हुआ है. रास्ता बंद होने से अधिवक्ताओं के साथ-साथ न्यायालय आने वाले फरीयादी, खासकर बुजुर्गों और महिलाओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.

मांग पूरी होने तक जारी रहेगी हड़ताल

बार एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि इस मुद्दे को लेकर जिला प्रशासन से कई बार बातचीत की गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला. समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से अधिवक्ताओं में आक्रोश बढ़ता गया, जिसके बाद अनिश्चितकालीन हड़ताल का निर्णय लिया गया.

इस संबंध में बार एसोसिएशन के महासचिव जितेंद्र कुमार ने कहा कि अधिवक्ता हमेशा कानून-व्यवस्था और प्रशासन का सहयोग करते आए हैं, लेकिन इस मामले में प्रशासन का रवैया निराशाजनक है. उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक मार्ग बहाल कर पार्किंग की स्थायी व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *