आदित्यपुर–टाटानगर थर्ड लाइन पर फरवरी से दौड़ेंगी मालगाड़ियां, रेल संचालन को मिलेगी रफ्तार
Jharkhand News: आदित्यपुर से टाटानगर और सलगाझुड़ी केबिन तक तैयार की गई थर्ड लाइन पर फरवरी से मालगाड़ियों का परिचालन शुरू होने की संभावना है. यह जानकारी दक्षिण पूर्व रेलवे जोन ने रेलवे फैंस क्लब के एसएस स्वाईं को आरटीआई के जवाब में दी है. इसके साथ ही रेलवे ने खड़गपुर से झारसुगुड़ा के बीच 265 किलोमीटर और संतरागाछी से खड़गपुर के बीच 109 किलोमीटर चौथी लाइन बिछाने की तैयारी भी शुरू कर दी है. वहीं, बंडामुंडा से राउरकेला और बागदेही से झारसुगुड़ा तक चौथी लाइन के प्रस्ताव को पहले ही मंजूरी मिल चुकी है.
थर्ड लाइन से यात्री ट्रेनों को मिलेगी राहत
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, थर्ड लाइन के शुरू होने से हावड़ा–मुंबई मुख्य मार्ग पर यात्री ट्रेनों का संचालन सामान्य होने की उम्मीद है. रेलवे स्टेशनों और यार्ड में ट्रेनों की आवाजाही सुचारु बनाने के लिए लाइन विस्तार का काम तेजी से किया जा रहा है. इस परियोजना के तहत लूप लाइन का निर्माण, यार्ड का विस्तार और परिचालन प्रणाली का अपग्रेड भी किया जा रहा है, ताकि ट्रेनों का संचालन तय समय पर हो सके और नेटवर्क पर दबाव कम किया जा सके.
टाटानगर स्टेशन के पुनर्विकास पर 383 करोड़ तक खर्च संभव
टाटानगर स्टेशन पुनर्विकास योजना और कोचिंग डिपो निर्माण पर कुल लागत 383 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है. वहीं, टाटानगर में प्रस्तावित सिग्नेचर ब्रिज को लेकर दक्षिण पूर्व रेलवे जोन ने आरटीआई में स्पष्ट किया है कि यह परियोजना रेलवे के निर्माण विभाग के अंतर्गत नहीं आती. हालांकि, टाटानगर लोको कॉलोनी में कोचिंग डिपो के विस्तार को लेकर विभागीय प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. रेलवे इंजीनियरिंग विभाग ने संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर जमीन खाली करने का निर्देश दिया है.
यात्री सुविधाओं पर रहेगा खास फोकस
रेलवे के अनुसार, स्टेशन पुनर्विकास योजना के तहत यात्री सुविधाओं और सुरक्षित परिचालन को ध्यान में रखते हुए कई नए कार्य शामिल किए गए हैं. इन योजनाओं के पूरा होने से टाटानगर स्टेशन पर यात्री अनुभव बेहतर होने के साथ-साथ ट्रेन संचालन भी अधिक सुचारु हो सकेगा.

