Ranchi News: बरियातू पहाड़ के पास लगी भीषण आग, काले धुएं से ढका आसमान, मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम
Ranchi News: राजधानी रांची के बरियातू पहाड़ के पास स्थित सेना के फायरिंग रेंज के नजदीक शनिवार को भीषण आग लगने से आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया. आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरा आसमान काले धुएं से ढक गया. धुएं का घना गुबार कई किलोमीटर दूर से भी साफ नजर आ रहा था.
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना की पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया गया. जानकारी के अनुसार पहाड़ के पीछे स्थित एक टायर डंपिंग यार्ड में आग लगी थी, जो सेना के फायरिंग रेंज के काफी करीब है.
मौके पर पहुंचे सेना के जवान, जांच जारी
आग लगने की जानकारी मिलते ही सेना के जवान भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. यह आग दोपहर के समय लगी, जब स्कूलों में छुट्टी हो चुकी थी. बाहर निकले सैकड़ों बच्चे और स्थानीय लोग इस भयावह दृश्य को देखकर सहम गए.
फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है. आग लगने के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है. सदर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आग के स्रोत का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.

