थिएटर के बाद अब OTT पर रिलीज को तैयार धुरंधर, जानिए कब और किस प्लेटफॉर्म पर तहलका मचाएगी मूवी
Dhurandhar OTT Release: निर्देशक आदित्य धर की फिल्म धुरंधर ने यह साबित कर दिया है कि यह सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक सिनेमाई इवेंट है. उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक के बाद यह आदित्य धर की दूसरी बड़ी और सफल पेशकश मानी जा रही है. रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और आर माधवन जैसे दमदार कलाकारों से सजी यह स्पाई थ्रिलर करीब साढ़े तीन घंटे के लंबे रनटाइम के बावजूद दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कामयाब रही.
बॉक्स ऑफिस पर धुरंधर का दबदबा
धुरंधर इस समय भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शुमार हो चुकी है. फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर लगभग 879 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है, जबकि वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1325 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है. दुनियाभर में शानदार कमाई के बावजूद अब इसका थिएटर रन ज्यादा लंबा नहीं रहने वाला.
बॉर्डर 2 की आहट. थिएटर्स से हटेगी धुरंधर
इस महीने सिनेमाघरों में बॉर्डर 2 की रिलीज होने जा रही है. इसके साथ ही मर्दानी 3 भी बॉक्स ऑफिस पर दस्तक देगी. ऐसे में मल्टीपल बड़ी रिलीज के बीच धुरंधर का थिएटर में टिके रहना मुश्किल माना जा रहा है. इसी वजह से फिल्म बड़े पर्दे से उतरकर ओटीटी प्लेटफॉर्म का रुख करने जा रही है.
किस ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आएगी धुरंधर?
इकोनॉमिक्स टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, रणवीर सिंह स्टारर धुरंधर सिनेमाघरों के बाद Netflix पर स्ट्रीम की जाएगी. खबर है कि फिल्म 30 जनवरी को ओटीटी पर रिलीज हो सकती है. हालांकि, मेकर्स की तरफ से अब तक इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.
ओटीटी पर भी दिखेगा धुरंधर का जलवा
थिएटर रन भले ही खत्म होने वाला हो, लेकिन माना जा रहा है कि ओटीटी पर धुरंधर एक बार फिर दर्शकों के बीच तहलका मचाएगी. बॉर्डर 2 और मर्दानी 3 जैसी बड़ी फिल्मों के बीच ओटीटी रिलीज फिल्म को नया दर्शक वर्ग दिला सकती है.
धुरंधर 2 की तैयारी. टीजर बॉर्डर 2 के साथ
धुरंधर का सफर यहीं खत्म नहीं होता. फिल्म के दूसरे भाग धुरंधर 2 का ऐलान पहले ही किया जा चुका है. खास बात यह है कि इसका टीजर बॉर्डर 2 के साथ सिनेमाघरों में दिखाया जाएगा.

