JHARKHANDLATEST NEWSRANCHI

लंबा वीकेंड है खास, घर बैठकर मत गंवाइए… फैमिली के साथ घूमिए रांची की ये शानदार जगहें

Spread the love

Tourist Place in Ranchi: ऐसे तो हर हफ्ते ही वीकेंड आता है, लेकिन इस बार का वीकेंड खास है. क्योंकि, इस बार लंबी छुट्टियां होने वाली है. एक साथ 3 दिन शनिवार, रविवार और सोमवार. सोमवार इसलिए क्योंकि इस दिन 26 जनवरी है और इस दिन नेशनल हॉलिडे रहता है. यानी कि घर पर फैमिली के साथ समय बिताने का अच्छा समय. लेकिन अगर आप भी इस लंबे वीकेंड को घर पर बोरियत के साथ बर्बाद करना चाहते हैं, तो फिर मेरी मानिए मत करिए. फटाफट कोई बढ़िया सी जगह खोजिए और फैमिली बच्चों को घुमाने के लिए निकल पड़िए. फैमिली के साथ मौज-मस्ती भी हो जाएगी और परिवार वाले खुश भी हो जाएंगे. अब आप सोच रहेंगे किया अब कहां जाएं इसे सोचने में मेहनत कौन करें, तो फिर ये काम हम कर देते हैं आपके लिए. आज हम आपको रांची के कुछ ऐसी जगहों के बारे में बताने वाले हैं, जहां आपको पहुंचने में ज्यादा समय भी नहीं लगेगा और हर दिन की दौड़भाग वाली टेंशन से दूर आप परिवार के साथ प्रकृति का मजा भी ले पाएंगे.

पहाड़, झरने और प्रकृति की हरियाली से भरी है रांची

रांची सिर्फ राजधानी ही नहीं, बल्कि प्रकृति की गोद में बसा एक ऐसा शहर हैं, जहां आपको पहाड़ से लेकर झरने, झील, पार्क और बच्चों के लिए मनोरंजन सब कुछ एक ही जगह मिल जाएगा. ये सिर्फ जगह ही नहीं जहां आप गए घूमें और लौट आए, बल्कि ये जगहें ऐसी हैं जहां आप चल तो जाएंगे, लेकिन वापस आने को आपका जी नहीं करेगा. ऊंचे-ऊंचे पहाड़, झरनों से पानी की आवाज और हर तरफ हरियाली आपका मन मोह लेगी और आप काम के टेंशन को भूल प्रकृति की इस सुंदरता में खो जाएंगे.

रॉक गार्डन – प्रकृति और नजारों का मेल

रांची का रॉक गार्डन प्राकृतिक चट्टानों से बना एक अनोखा जगह है. ऊपर से शहर का खूबसूरत नजारा दिखता है, जो बच्चों और बड़ों — दोनों को रोमांचित करता है. फोटो क्लिक करने और हल्की-फुल्की फैमिली वॉक के लिए यह जगह बेहतरीन है.

टैगोर हिल- सबसे शांत जगह

टैगोर हिल रांची की सबसे शांत और सुकून देने वाली पहाड़ियों में से एक है. यह वही जगह है जहां गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर ने कुछ समय बिताया था. यहां से पूरे रांची शहर का सुंदर नजारा दिखाई देता है, खासकर सनसेट यहां से बहुत ही खूबसूरत दिखता है.

महादेव हिल सनराइज पॉइंट

अगर आप सुबह-सुबह प्रकृति को महसूस करना चाहते हैं, तो महादेव हिल सनराइज पॉइंट चले जाइए. यहां से उगता हुआ सूरज पहाड़ियों और हरियाली के बीच ऐसा नजारा पेश करता है, जो मन को तुरंत शांति दे देता है. इसमें फैमिली के साथ हल्की ट्रेकिंग का मजा भी आएगा और कम भीड़ होने के कारण सुकून भी मिलेगा.

बिरसा जैविक उद्यान (Birsa Biological Park) – बच्चों का फेवरेट स्पॉट

अगर फैमिली में बच्चे हैं तो यह जगह मस्ट-विजिट है. यहां शेर, बाघ, हिरण और कई दुर्लभ जीव प्राकृतिक वातावरण में देखने को मिलते हैं. बच्चों के लिए यह न सिर्फ एंटरटेनमेंट है, बल्कि सीखने का भी बढ़िया मौका है.

रांची झील – शाम की सैर और बोटिंग

शाम के समय रांची झील का माहौल बेहद सुकून भरा होता है. हल्की ठंडी हवा, झील का पानी और बोटिंग फैमिली के साथ क्वालिटी टाइम बिताने के लिए परफेक्ट कॉम्बिनेशन है.

ऑक्सीजन पार्क – बच्चों की मस्ती, बड़ों का सुकून

नाम जैसा ही अनुभव, हरियाली, साफ-सुथरा माहौल और खुली जगह. बच्चे खेलते हैं, बुज़ुर्ग आराम से टहलते हैं और पूरा परिवार एक साथ सुकून महसूस करता है.

पतरातू घाटी – फैमिली रोड ट्रिप का मजा

रांची से थोड़ी दूरी पर स्थित पतरातू घाटी फैमिली रोड ट्रिप के लिए शानदार जगह है. घुमावदार सड़कें, पहाड़ और डैम का नजारा यहां का हर मोड़ फोटो फ्रेम जैसा लगता है.

दसम फॉल्स – प्रकृति की ताकत का एहसास

बरसात और सर्दियों में दसम फॉल्स का नजारा बेहद आकर्षक होता है. परिवार के साथ पिकनिक और प्रकृति को करीब से महसूस करने के लिए यह जगह खास है. हालांकि, अगर आप बच्चों के साथ जा रहे हैं, तो सुरक्षा नियमों को जरूर ध्यान में रखें.

हुण्डरू फॉल्स- सबसे ऊंचा फॉल

झारखंड का सबसे ऊंचा फॉल हुण्डरू फॉल्स है. ऊंचाई से गिरता पानी और चारों ओर फैली हरियाली इसे एक परफेक्ट नेचर स्पॉट बनाती है. बच्चों और बड़ों, दोनों को यहां प्रकृति की ताकत करीब से महसूस होती है. हालांकि, बच्चों को लेकर सावधानी जरूर बरतें.

जोनहा फॉल्स- मन को कर देगी तरोताजा

जोनहा फॉल्स (जिसे गौतमधारा भी कहा जाता है) सीढ़ियों से उतरकर देखने का अलग ही रोमांच देता है. नीचे पहुंचने पर झरने की खूबसूरती और शांत माहौल मन को पूरी तरह तरोताजा कर देता है.

जगन्नाथ मंदिर – आस्था और दृश्य एक साथ

पहाड़ी पर स्थित यह मंदिर न सिर्फ धार्मिक महत्व रखता है, बल्कि यहां से पूरे रांची शहर का सुंदर दृश्य भी दिखाई देता है. बुज़ुर्गों और शांति पसंद करने वालों के लिए यह जगह परफेक्ट है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *